तेहरान। ईरान में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में यात्री बस के पलट जाने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। हादसा मध्य मरकजी प्रांत में सावेह-हमदान फ्रीवे पर हुआ। सरकारी टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, प्रांतीय ट्रैफिक पुलिस ने हादसे की प्रारंभिक वजह चालक की थकान और नींद को बताया है।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की है कि बस किस स्थान से रवाना हुई थी और उसे कहां जाना था।
ईरान में सड़क हादसे चिंता का विषय
ईरान में सड़क दुर्घटनाओं का रिकॉर्ड लंबे समय से चिंता का विषय रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, देश में हर साल सड़क हादसों में 17 हजार से अधिक लोगों की जान चली जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, असुरक्षित वाहनों, यातायात नियमों के उल्लंघन और आपातकालीन सेवाओं की सीमित उपलब्धता जैसे कारण सड़क हादसों में होने वाली मौतों के लिए जिम्मेदार माने जाते हैं।
इस महीने फ्यूल टैंकर हादसे में भी गई थी 11 लोगों की जान
इससे पहले इसी महीने ईरान के पश्चिमी शहर सनंदाज के पास एक फ्यूल टैंकर कई वाहनों से टकराने के बाद फट गया था। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सात अन्य घायल हो गए थे। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने ईरान में यातायात सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



