नाहन।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कटासन के समीप जलमूसा खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चार गुज्जर परिवारों के 25 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने करीब तीन घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू अभियान के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।
नाहन पुलिस के अनुसार मंगलवार को भूपेंद्र कुमार ने थाना सदर नाहन में सूचना दी कि कटासन के पास जलमूसा खड्ड में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया है और चार गुज्जर परिवारों के करीब 25 लोग बीच धारा में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना सदर नाहन के प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम और तहसीलदार पांवटा साहिब भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एनडीआरएफ भी बुलाई, जोखिम उठाकर रेस्क्यू किए लोग
बेहतर समन्वय के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तत्काल बुलाकर स्टैंड बाई पर रखा गया। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान जवानों ने जलस्तर कम होने का इंतजार किया और मौका मिलते ही अपनी जान जोखिम में डालकर एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। होमगार्ड और पुलिस के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अपने स्तर पर ही बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
क्या कहते हैं एसपी सिरमौर
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।


