रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 27 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी दिनों में प्रदेश भर में मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, गर्जन के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।
12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने संभावित भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए राज्य के 12 प्रमुख जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है:
-
मध्य व उत्तर छत्तीसगढ़: राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर।
-
सरगुजा संभाग: सूरजपुर, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB), कोरिया और जशपुर।
इन जिलों में तेज हवाओं के साथ मुसलाधार बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
शेष 21 जिलों में हल्की से मध्यम बौछारें
राज्य के शेष 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। बारिश और बादलों की आवाजाही से वातावरण में नमी और उमस बनी रहेगी।



