जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना से पुलिस कस्टडी में रखा गया अवैध शराब बिक्री का आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने निगरानी में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार अमोरा निवासी आरोपी फणेन्द्र सिंह को अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार कर मुलमुला थाना में पुलिस कस्टडी में रखा गया था। बताया जा रहा है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाना से फरार हो गया। आरोपी के कस्टडी से गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की टीमों ने आरोपी की तलाश में आसपास के संभावित ठिकानों और फरार होने के संभावित रास्तों पर खोजबीन शुरू कर दी है। थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर, आरोपी की निगरानी में तैनात आरक्षक की ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।



