खरोरा। राजधानी रायपुर से लगे खरोरा क्षेत्र में मंगलवार को रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और क्रेटा कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान शिवम साहू के रूप में हुई है। वहीं ओमप्रकाश साहू, संजय साहू और रामेश्वर केंवट हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है।
इधर, पुलिस ने मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस की मौजूदगी में यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य कर दिया गया। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



