राजनांदगांव। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास बुधवार को स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इधर, स्कॉर्पियो वाहन में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



