श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवी मुंबई से उड़ान भरकर श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट (6E 225) लैंडिंग के बाद जब पार्किंग बे की ओर बढ़ रही थी, तभी उसका एक हिस्सा विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) पोल से टकरा गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों और ग्राउंड स्टाफ में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पार्किंग के दौरान वीडीजीएस पोल से टकराया विमान का पंख
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे के आसपास की है। इंडिगो का एयरबस विमान लैंडिंग के बाद बे-06 (Bay 06) पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान का दाहिना पंख (Wing) गाइडेंस सिस्टम वाले पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी मामूली थी कि विमान के ढांचे को थोड़ा नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
सभी यात्री सुरक्षित, सुरक्षित तरीके से कराई गई डिबोर्डिंग
हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट इमरजेंसी रिस्पांस टीम और इंडिगो का ग्राउंड क्रू मौके पर पहुंचा। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया और टर्मिनल बिल्डिंग तक लाया गया। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से अधिकारियों और यात्रियों के परिजनों ने राहत की सांस ली।
DGCA ने दिए विस्तृत जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और हवाई अड्डा प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि यह दुर्घटना ग्राउंड स्टाफ की मानवीय भूल के कारण हुई या फिर गाइडेंस सिस्टम में किसी तकनीकी खराबी के चलते विमान गलत दिशा में चला गया था। फिलहाल प्रभावित विमान को बे-06 पर ही खड़ा रखकर तकनीकी जांच की जा रही है।



