मुंगेली। 10वीं पास युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में विकासखंड स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। एसआईएस ग्रुप द्वारा जिला पंचायत मुंगेली के मार्गदर्शन में लोरमी, पथरिया एवं मुंगेली जनपद पंचायत क्षेत्रों में भर्ती एवं पंजीयन कैंप लगाए जाएंगे।
जिला पंचायत मुंगेली द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार लोरमी जनपद पंचायत में 8 एवं 9 सितंबर, पथरिया जनपद पंचायत में 10 एवं 11 सितंबर तथा मुंगेली जनपद पंचायत में 12 एवं 14 सितंबर 2026 को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त लाइवलीहुड कॉलेज जमकोर में 15 सितंबर 2026 को प्लेसमेंट कैंप लगाया जाएगा।
सभी कैंपों का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। कैंप में 10वीं पास इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान अभ्यर्थियों का पंजीयन एवं चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला पंचायत ने रोजगार की तलाश कर रहे 10वीं पास युवाओं से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर प्लेसमेंट कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।



