कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर के ऊपर देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। करीब छह घंटे तक समझाइश देने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। हालांकि, उसने टॉवर पर चढ़ने का कारण स्पष्ट नहीं बताया है। मामला करतला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। दोपहर के समय वह अचानक गांव के पास स्थित करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया।
पत्नी और बच्चे नीचे से लगाते रहे आवाज
देव सिंह को टॉवर पर चढ़ता देख उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया। वे लगातार नीचे से आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी टॉवर के ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर दोबारा ऊपर चढ़ जाता। ग्रामीणों ने उससे टॉवर पर चढ़ने की वजह भी पूछी, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
पुलिस और तहसीलदार ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट प्रवाहित होने के कारण युवक की जान को गंभीर खतरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने सावधानी बरतते हुए लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया।
छह घंटे बाद नीचे उतरने को हुआ तैयार
पुलिस और प्रशासन की करीब छह घंटे की समझाइश के बाद आखिरकार देव सिंह नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। उसके सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
नशे में था युवक, कारण की जांच जारी
करतला थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक शराब के नशे में था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने टॉवर पर चढ़ने का कदम क्यों उठाया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि करीब सात दिन पहले बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र में भी एक युवक शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज होकर करीब 125 फीट ऊंचे BSNL टॉवर पर चढ़ गया था। पुलिस की समझाइश के बाद वह सुरक्षित नीचे उतरा था। इसके अलावा बिलासपुर और कोंडागांव से भी टॉवर पर चढ़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।



