कोरबा। केंदई रेंज के चोटिया इलाके में नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लोनर हाथी अचानक सड़क पर पहुंच गया। हाथी को देखते ही हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग अपने मोबाइल फोन से हाथी का वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के बेहद करीब तक पहुंच गए। लोगों को लगातार अपने आसपास आता देख हाथी अचानक आक्रामक हो गया और भीड़ की ओर दौड़ पड़ा।
हाथी को अपनी ओर तेजी से आता देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वीडियो बना रहे लोग मोबाइल संभालते हुए जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते कुछ सेकंड के भीतर हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बांसबाड़ी में भोजन की तलाश में पहुंचते हैं हाथी
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोटिया मुख्य मार्ग के किनारे बड़ी संख्या में बांस के पौधे हैं। हाथी भोजन की तलाश में अक्सर इस इलाके में पहुंचते हैं। यही वजह है कि क्षेत्र में हाथियों का सड़क के आसपास दिखाई देना कोई नई बात नहीं है। हालांकि, झुंड से अलग होकर घूमने वाले लोनर हाथी को अधिक आक्रामक और संवेदनशील माना जाता है।
केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि इलाके में करीब 32 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर अकेले घूम रहा है। झुंड से अलग होने के कारण उसके व्यवहार में आक्रामकता अधिक देखी जा सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने और हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
सायरन बजाकर जंगल की ओर भेजा गया हाथी
हाथी के नेशनल हाईवे पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को हाथी से दूर किया। इसके बाद सायरन बजाकर और सावधानीपूर्वक हाथी को सड़क से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा गया।
वन विभाग की टीम हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही है। इसके अलावा राहगीरों को सतर्क करने के लिए सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लोग सावधानी बरतें।
वन विभाग की अपील- हाथी के करीब न जाएं
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल या सड़क के आसपास हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने की कोशिश न करें। खासकर सेल्फी लेने या वीडियो बनाने के लिए हाथी के पास जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। विभाग ने लोगों से हाथी को देखकर शोर नहीं मचाने, उसे घेरने से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
वन विभाग के मुताबिक, लोनर हाथी अचानक आक्रामक हो सकता है और लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। इसलिए हाथी दिखाई देने पर उसकी गतिविधियों से छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाना ही सबसे बेहतर उपाय है।



