अंबिकापुर। शहर में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग जिले में पदस्थ एक SI जीवन प्रकाश एक्का और एक कांस्टेबल ऋषिकांत शराब के नशे में धुत होकर प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पड़े मिले। पास में ही उनकी सरकारी इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी मिली, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
कैदी शिफ्ट करने आए थे अंबिकापुर
दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से एक कैदी को शिफ्ट करने के लिए अंबिकापुर केंद्रीय जेल आए थे। कैदी को जेल में दाखिल कराने के बाद वे प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पहुंचे और वहां नशे में धुत हो गए। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें सड़क किनारे नशे की हालत में पड़े देखा और पास में ही सरकारी हथियार लावारिस पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया।
इंसास राइफल लावारिस मिली, वीडियो वायरल
सार्वजनिक स्थान पर इस तरह इंसास राइफल पड़े होने की सूचना लोगों ने तत्काल बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना पर बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में पड़ी इंसास राइफल को अपने कब्जे में लिया। दोनों पुलिसकर्मियों को भी वहां से हटाया गया। इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
एसएसपी ने लिया संज्ञान, सुरक्षा पर सवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा एसएसपी और दुर्ग एसएसपी ने घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों पुलिसकर्मियों के नाम और उन पर हुई विभागीय कार्रवाई का पता नहीं चल सका है। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल कैदी को सुरक्षित जेल तक पहुंचाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि सरकारी हथियारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनके कर्तव्य में शामिल है।




