छुईखदान। दशहरा उत्सव, नवरात्रि और गरबा को लेकर लगाई गई खबर से बौखलाए एक युवक द्वारा पत्रकार के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र और मानहानि कारक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। पत्रकार की छवि धूमिल करने के प्रयास से आक्रोशित छुईखदान पत्रकार संघ ने थाने पहुंचकर टीआई को ज्ञापन सौंपा और आरोपी पर अपराध दर्ज करने की मांग की।
मामला वार्ड क्रमांक-1 निवासी कौशल चंदेल पिता मुन्ना चंदेल का है। आरोप है कि पत्रकार संदीप कुमार महोबिया द्वारा नवरात्रि के दौरान गरबा उत्सव पर लगाई गई खबर के बाद कौशल चंदेल ने सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी की और पत्रकार की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास किया। टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक थी कि पत्रकार की सामाजिक छवि पर असर पड़ा।
इस हरकत से पत्रकारों में भारी नाराजगी है। छुईखदान पत्रकार संघ ने इसे केवल एक पत्रकार पर टिप्पणी नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा – खबर से आपत्ति थी तो खंडन देते, प्रेस कांफ्रेंस में जाते, लेकिन सोशल मीडिया में मानहानि करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह पत्रकारिता को डराने की कोशिश है।
पत्रकार संघ ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी कौशल चंदेल पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संघ बड़ा आंदोलन करेगा। वहीं थाना प्रभारी ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



