गुरुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को थाना गुरुर द्वारा एकता दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान थाना गुरुर के सामने सड़क पर आयोजित एकता दौड़ के माध्यम से एकता में शक्ति और संगठन में सफलता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डॉ. अमन चतुर्वेदी द्वारा सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बच्चों को बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में सीपीआर किस प्रकार जीवन बचाने में सहायक हो सकता है।
वहीं पुलिस विभाग द्वारा विद्यार्थियों को राइफल, पिस्टल एवं अन्य बंदूकों का डेमो दिखाया गया तथा उनके उपयोग एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इससे बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला।
थाना प्रभारी गुरुर मुकेश सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से एकता, सद्भाव, सहयोग और जागरूकता का संदेश दिया गया।



