रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ जांच तेज करते हुए सीबीआई की टीम ने देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के तहत छत्तीसगढ़ के भिलाई में भी कई स्थानों पर जांच की गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और खुलासों के आधार पर की गई है।
6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी
सीबीआई ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों और उनसे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया। देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। सीबीआई की यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन, आर्थिक लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच के तहत की गई है। सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई के तहत सीबीआई की टीम भिलाई पहुंची। यहां मदर टेरेसा नगर, कैंप-1 और सेक्टर-9 सहित कुछ इलाकों में जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, टीम महादेव सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के करीबी लोगों और उनसे जुड़े नेटवर्क की आंतरिक रूप से पड़ताल कर रही है। इसके अलावा एक यूट्यूबर की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। उस पर यूट्यूब के माध्यम से हवाला के जरिए पैसे के लेनदेन से जुड़े होने का आरोप है।
लाइव बेटिंग और जुआ पैनल का खुलासा
सीबीआई की छापेमारी के दौरान कुछ ठिकानों पर लाइव बेटिंग और जुआ पैनल संचालित होते पाए गए। जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद कराया। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, विभिन्न डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी इन डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन, पैनल ऑपरेटरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के सबूत मिले
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिलने की जानकारी सामने आई है। सीबीआई अब इन खातों के जरिए हुए संदिग्ध लेनदेन और पैसों के ट्रांसफर की पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य अवैध ऑनलाइन बेटिंग से अर्जित रकम के स्रोत, उसके लेनदेन और इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान करना है।
विदेश में मौजूद आरोपियों की भी जांच जारी
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर सीबीआई नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एजेंसी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में छापेमारी और बरामद साक्ष्यों की जानकारी दी गई है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान और भी खुलासे होने की संभावना है।





