देशभर में 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलने वाले शादी के सीजन से अर्थव्यवस्था में 7.5 लाख करोड़ रुपये आने और 1.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। CAIT के सर्वेक्षण के अनुसार, इस बार शादियों का बजट 4 लाख से 5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और अकेले दिल्ली-NCR में ही 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
पिछले साल से 15% ज्यादा कारोबार: रोजाना होंगी औसतन 2 लाख से अधिक शादियां
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने 25 राज्यों के 550 से अधिक ट्रेड एसोसिएशन और 300 कारोबारी नेताओं से बातचीत के आधार पर यह रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 के शादी सीजन में करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, जो इस बार 15 फीसदी बढ़कर 7.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है और अगले 25 दिनों में हर दिन औसतन 2 लाख से ज्यादा शादियां संपन्न होंगी।
ज्वैलरी पर 1.20 लाख करोड़ व कपड़ों पर 90 हजार करोड़ खर्च होने का अनुमान
इस कारोबार में सामान और रिटेल सेक्टर की हिस्सेदारी 4.05 लाख करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है, जिसमें ज्वैलरी और कीमती धातुओं पर सबसे ज्यादा 1.20 लाख करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं।
इसके बाद कपड़ों व गारमेंट्स से 90 हजार करोड़ रुपये, गिफ्ट व वेडिंग एक्सेसरीज से 37,500 करोड़ रुपये, ग्रॉसरी से 37,500 करोड़ रुपये तथा इलेक्ट्रॉनिक्स, ड्राई फ्रूट्स-मिठाई और फर्नीचर की प्रत्येक श्रेणी से करीब 30-30 हजार करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान है।
सर्विस सेक्टर की भी मोटी कमाई: 1.25 करोड़ रोजगार के बनेंगे नए मौके
रिटेल बाजार के अलावा सर्विस सेक्टर को भी इस सीजन से बड़ा लाभ मिलेगा- कैटिंग व फूड सर्विस से 75 हजार करोड़, मैरिज वेन्यू व होटल से 60 हजार करोड़, इवेंट मैनेजमेंट व फ्लोरल डेकोरेशन से 37,500-37,500 करोड़, ट्रैवल व म्यूजिक से 30-30 हजार करोड़ तथा फोटोग्राफी व ब्यूटी सर्विस से 22,500-22,500 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इन सभी क्षेत्रों में मांग बढ़ने से अगले 25 दिनों में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
दिल्ली-NCR में 2.5 लाख करोड़ का कारोबार, AI प्लानिंग और स्वदेशी उत्पादों पर जोर
CAIT के मुताबिक, अकेले दिल्ली-NCR में करीब 5 लाख शादियां होने से 2.5 लाख करोड़ रुपये का व्यापार संभावित है, जिससे चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग और लाजपत नगर जैसे बाजारों में भारी रौनक रहेगी।
शादी का बजट परिवार की क्षमतानुसार 4 लाख से 5 करोड़ रुपये तक है, वहीं इस बार डिजिटल इनविटेशन, AI वेडिंग प्लानिंग और कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग का ट्रेंड भी उभरा है, जिसके बीच CAIT ने लोगों से भारतीय उत्पादों और स्थानीय कारोबारियों को प्राथमिकता देने की अपील की है।





