अकलतरा। अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित राजेंद्र कुमार सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकलतरा की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविका कुमारी किरण निर्मलकर ने राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय एवं अकलतरा का गौरव बढ़ाया है। उन्हें यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से प्रदान किया गया।24 सितंबर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस एवं राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में किरण निर्मलकर को ₹15 हजार की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, आयुक्त श्रीमती रीता यादव, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक श्रोती एवं राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेई सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे।किरण निर्मलकर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। उनकी सेवा भावना, सामाजिक सरोकारों तथा एनएसएस गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर उन्हें राज्य स्तरीय श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। समारोह में विद्यालय की शालेय पत्रिका ‘सलिला’ भी मुख्यमंत्री एवं अतिथियों को भेंट की गई।किरण की इस उपलब्धि में राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेई, शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. विनय कुमार चौहान, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र चौबे, जिला संगठक डॉ. पुष्पा सिंह तथा विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आर.के. पाण्डेय एवं श्रीमती वर्षा यादव के मार्गदर्शन एवं सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इस उपलब्धि पर अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष सौरभ सिंह, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सचिव ईश्वर खंडेलिया, सह सचिव पंकज दोषी, कोषाध्यक्ष स्वप्निल जैन, आय-व्यय निरीक्षक विकास केडिया सहित ट्रस्ट के सदस्यों ने किरण को बधाई दी। विद्यालय के प्राचार्य आर.के. विश्वकर्मा एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



