रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में शुरुआती तौर पर 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा, ताकि वे सुरक्षित यात्रा कर सकें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

जरूरत पड़ने पर मिलेगा हेलमेट, काम पूरा होने पर करना होगा वापस
हेलमेट बैंक की खास बात यह है कि किसी जरूरी काम से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिनके पास तत्काल हेलमेट मौजूद नहीं है या वे आर्थिक कारणों से हेलमेट नहीं खरीद पा रहे हैं। संबंधित व्यक्ति अपना काम पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा दिया गया हेलमेट वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे से सेवा कार्य में सहयोग भी करना होगा।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है।

एक छोटी सावधानी बचा सकती है जान : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित इस्तेमाल गंभीर चोट और मृत्यु के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। एक छोटी सी सावधानी न केवल व्यक्ति का जीवन बचा सकती है, बल्कि उसके परिवार को भी बड़ी क्षति से बचा सकती है। उन्होंने लोगों से हर सफर में हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



