कोरबा। दीपावली पर्व को देखते हुए सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के कारोबार को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को सुरक्षा के विशेष उपाय अपनाने की हिदायत दी है। सराफा दुकानों, बैंक परिसरों और नकदी के परिवहन के दौरान सामने आई लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी एवं कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने शहर के सराफा और ज्वेलरी दुकान संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों को संभावित आपराधिक घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सराफा दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उन्हें हमेशा चालू रखा जाए। दुकान के बाहर पार्किंग स्थल तथा मुख्य सड़क की ओर निगरानी के लिए कम से कम दो कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही दुकान खोलने और बंद करने के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा गमछा, मास्क या अन्य तरीके से चेहरा छिपाकर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने की सलाह दी गई।
बैठक में सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी को सुरक्षित तिजोरी में रखने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक अलार्म एवं इमरजेंसी घंटी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। आभूषणों और नकदी की पैकिंग शटर बंद करके करने तथा दुकान से बाहर निकलने से पहले आसपास की गतिविधियों का जायजा लेने की बात कही गई।
कीमती सामान के परिवहन में बरतें विशेष सावधानी
पुलिस ने व्यापारियों को सोने-चांदी के आभूषण और नकदी का परिवहन करते समय अकेले अथवा दोपहिया वाहन से जाने से बचने की सलाह दी। सुरक्षा की दृष्टि से हमेशा एक ही रास्ते, समय और साधन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया, ताकि अपराधी कारोबारियों की गतिविधियों का अनुमान लगाकर वारदात को अंजाम न दे सकें। वहीं दुकान में कार्यरत कर्मचारियों के पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल दें सूचना
कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान या प्रतिष्ठान के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा असामान्य गतिविधि पर नजर पड़ने पर तत्काल स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यापारियों की सतर्कता और पुलिस के साथ समन्वय से लूट, चोरी एवं उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने सभी सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों से सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है।



