बिलासपुर/स्वारघाट। स्वारघाट क्षेत्र में शुक्रवार को दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क हादसे में कुल सात लोग घायल हो गए। घायलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नागें ठाकुर के चार विद्यार्थी भी शामिल हैं। चारों छात्र विज्ञान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बैहल जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव दल पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, चारों विद्यार्थियों को स्कूल में कार्यरत एक अध्यापिका की निजी कार से प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ले जाया जा रहा था। कार को अध्यापिका के पति चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
बताया गया है कि कार में अध्यापिका का करीब डेढ़ से दो वर्ष का बच्चा भी मौजूद था। हादसे में बच्चे सहित कई लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं एक घायल को नंगल और एक अन्य को आनंदपुर साहिब उपचार के लिए भेजा गया है।
चार स्कूली विद्यार्थियों के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना से विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। विद्यार्थियों की स्थिति को लेकर परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है।



