नई दिल्ली। बीजेपी ने जेन-जी यानी युवा वोटर्स से जुड़ने के लिए खास टीम बनाई है। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के साथ गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं। पार्टी इनके जरिए युवाओं की सोच, समस्याओं और उम्मीदों को समझने के लिए उनसे सीधा संवाद करेंगी।
वहीं, दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। इसमें वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया। भाजपा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो पैरा गाने के फैसले की निंदा की।
पार्टी ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान से राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए समझौता नहीं होगा। बीजेपी इसकी विरासत को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाएगी। नितिन नवीन की नई टीम शनिवार शाम 7 बजे PM मोदी से बीजेपी मुख्यालय में मुलाकात करेगी। टीम की घोषणा 17 अगस्त को हुई थी।
14 से 25 साल के युवाओं को जोड़ेगी बीजेपी
- नई बीजेपी टीम जेन-जी के बीच ‘युवा संवाद’ अभियान चलाएगी। इसके तहत 14 से 25 साल के युवाओं को जोड़ने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- इस अभियान का मकसद युवा वोटर्स के बीच पार्टी की पहुंच और संपर्क मजबूत करना है। इसके तहत बातचीत, चर्चा और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम होंगे।
- कार्यक्रमों के जरिए जेन-जी की सोच, उनकी चिंताओं, जरूरतों और उम्मीदों को समझने की कोशिश की जाएगी।
- युवाओं को बीजेपी नेताओं से सीधे बातचीत करने और अपने मुद्दे रखने का मौका भी दिया जाएगा।
- कार्यक्रम का शेड्यूल, फॉर्मेट और जगहों की जानकारी जल्द जारी होने की उम्मीद है।



