अंबिकापुर। जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता की टांगी से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त की है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार इमलीपारा का है।
प्रार्थी मधुवन शंकर सिंह ने तीन अक्टूबर को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 11 बजे उसे सूचना मिली कि उसके बड़े भाई रामाशंकर सिंह की हत्या उनके ही बेटे मुकेश कुमार सिंह ने टांगी से मारकर कर दी है। घर पहुंचने पर रामाशंकर का शव कमरे में पड़ा था, सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और खून बहा था।
एसएसपी राजेश अग्रवाल ने थाना दरिमा पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना दरिमा पुलिस टीम ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपित मुकेश कुमार सिंह (38) निवासी भालूकछार को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि जमीन बिक्री के पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर उसने टांगी से पिता के सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोपित की निशानदेही पर घटनास्थल से खून लगी लोहे की टांगी जब्त की गई।
आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु डीएसपी निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक राजेश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज मालवीय, आरक्षक अशोक कुजूर, अकलेश यादव, शरद राजवाड़े, सुरेश यादव, निमल, शेरशाह मिंज, आलोक, भूपेंद्र सिंह सक्रिय रहे।



