मुंगेली। जिले के लोरमी थाना अंतर्गत ग्राम नवलपुर में हुए अंधे दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पैतृक ज़मीन के बंटवारे और खेत की मेड़ काटने से उपजे विवाद के चलते सगे छोटे भाई ने ही अपने बड़े भाई और भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप 56 वर्ष और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप 52 वर्ष के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका सगा भाई नंदु कश्यप 46 वर्ष है।
19 अगस्त की रात आरोपी बाउंड्रीवॉल कूदकर घर में घुसा और बरामदे में सो रहे दंपती पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कमरे व अलमारी खोल दी, कुल्हाड़ी धो दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
घटनाक्रम और हत्या का तरीका
विवाद की वजह: 8 एकड़ पैतृक जमीन में से माता-पिता की 50 डिसमिल जमीन को लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। 16 अगस्त को नंदकुमार द्वारा खेत की मेड़ तोड़ने से नंदु के खेत की खाद बह गई, जिससे रंजिश और बढ़ गई।
रेकी कर घुसा घर में: 19 अगस्त की रात आरोपी छत और बाड़ी के रास्ते घर में घुसा और बरामदे में सो रहे भाई-भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
गुमराह करने का प्रयास: हत्या के बाद आरोपी ने कमरे के ताले और अलमारी खोल दिए ताकि मामला चोरी या डकैती का लगे। फिर कुल्हाड़ी धोकर बाहर ताला जड़ दिया।
खुलासा और गिरफ्तारी: 24 अगस्त को बिलासपुर से लौटे बेटों ने ताला तोड़कर देखा तो सड़ चुके शव मिले। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।



