चांपा। नगर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगरीय प्रशासन के साथ अब रेलवे प्रशासन ने भी सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को रेलवे प्रशासन ने चांपा-भोजपुर मार्ग स्थित अंडरब्रिज के समीप रेलवे की जमीन से सटाकर किए जा रहे अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी और चांपा पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

जानकारी के अनुसार, चांपा से भोजपुर मार्ग की ओर जाने वाले अंडरब्रिज से बाहर निकलते ही रेलवे क्षेत्र के समीप कुछ लोगों द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। रेलवे प्रशासन ने पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल बंद करने और किए गए अवैध निर्माण को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की तैयारी की।
शनिवार को रेलवे प्रशासन की टीम राजस्व अधिकारियों और चांपा पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को तोड़कर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। 10 सितंबर को भी रेलवे क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि कार्रवाई के बाद दोबारा रेलवे की जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार की कार्रवाई के बाद रेलवे क्षेत्र में अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। आने वाले दिनों में रेलवे की जमीन पर किए गए अन्य अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।



