बिलासपुर। बिलासपुर में छठ महापर्व के मद्देनजर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और घाटों के आसपास भीड़ नियंत्रित रखने के लिए 15 नवंबर दोपहर से 16 नवंबर दोपहर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक से आने वालों के लिए अलग रूट
यातायात पुलिस ने सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए हैं। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए चिल्हाटी मोड़, मोपका तिराहा, दर्रीघाट और महमंद चौक से डायवर्सन की व्यवस्था की गई है।
छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग तय
छठ महापर्व पर घाटों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। इससे घाटों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।


पुलिस की अपील, ट्रैफिक नियमों का करें पालन
बिलासपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित नो एंट्री और डायवर्सन व्यवस्था का पालन करें। छठ पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





