Chhath Puja 2026: धर्म डेस्क। हिंदू धर्म में छठ पूजा का खास महत्व है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा के लिए जाना जाता है। इस महापर्व की सबसे खास बात यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ डूबते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है। आमतौर पर लोग उगते सूरज को नई शुरुआत और सफलता का प्रतीक मानते हैं। लेकिन छठ पूजा में ढलते सूर्य को भी उतना ही सम्मान दिया जाता है।
छठ के दौरान व्रती करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। उनका संबंध देवी षष्ठी और देवसेना से भी जोड़ा जाता है। आइए जानते हैं छठी मैया कौन हैं, उनका पौराणिक महत्व क्या है और इस पर्व का क्या महत्व है।
छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर
Chhath Puja 2026: इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर 2026 तक चार दिन मनाया जाएगा। जानिए किस दिन कौन सा अनुष्ठान होगा।
13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय
छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। भोजन में कद्दू-भात और चने की दाल का खास महत्व होता है।
14 नवंबर, शनिवार: खरना
दूसरे दिन खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर पूजा की जाती है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है।
15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य
तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, फल और दूसरी पूजा सामग्री सजाकर नदी, तालाब या छठ घाट पर पहुंचते हैं। वहां अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है।
16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण
Chhath Puja 2026: महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करके परिवार की खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना करते हैं। इसके बाद प्रसाद ग्रहण करके पारण किया जाता है और करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होता है।
कौन हैं छठी मैया?
पौराणिक कथा के अनुसार, हिंदू धार्मिक परंपराओं में छठी मैया को देवी षष्ठी का स्वरूप माना जाता है। खासतौर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में उनकी पूजा बड़ी आस्था और श्रद्धा से की जाती है। मान्यता है कि छठी मैया संतान की रक्षा करने वाली देवी हैं।
उनसे बच्चों की अच्छी सेहत, लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है। छठी मैया को मातृत्व, संतान सुख और परिवार की रक्षा से जोड़कर देखा जाता है। यह भी मान्यता है कि जो लोग पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ छठ पूजा करते हैं, उन्हें छठी मैया का आशीर्वाद मिलता है।




