मुंगेली। क्षेत्र में गहराते विद्युत संकट और लचर बिजली व्यवस्था के विरोध में कांग्रेसजनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया के नेतृत्व में आगामी 8 अक्टूबर को अनुविभागीय कार्यालय (राजस्व) पथरिया का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश मिरी की अगुवाई में अनुविभागीय दंडाधिकारी को पूर्व सूचना ज्ञापन सौंपा गया है।

ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि पथरिया क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में लंबे समय से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज और अत्यधिक बिजली बिलों की समस्या से आमजन, उपभोक्ता और विशेषकर किसान वर्ग बुरी तरह त्रस्त हैं। क्षेत्र में जगह-जगह जर्जर व क्षतिग्रस्त तार और खंभे हादसों को न्योता दे रहे हैं, जिन्हें तत्काल बदले जाने की सख्त जरूरत है। इसके अलावा बार-बार खराब हो रहे ट्रांसफार्मरों की समस्या का स्थायी समाधान करने, विद्युत विभाग में पर्याप्त तकनीकी व सामान्य स्टाफ की पदस्थापना सुनिश्चित करने तथा पथरिया-सरगांव टाउन फीडर में अविलंब एबी स्विच लगाने की मांग उठाई गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग की अनदेखी के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यदि प्रशासन ने जनहित से जुड़ी इन मूलभूत समस्याओं का समय रहते निराकरण नहीं किया, तो 8 अक्टूबर को उग्र घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते हुए अधिकारियों से जनसमस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।



