रायपुर। अंबिकापुर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
अरुण साव ने अधिकारियों को योजनाओं और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने और कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
अक्टूबर तक पूरे करने होंगे निर्माणाधीन पीएम आवास
नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरों में स्वच्छता और मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य जल्द शुरू किए जाएं और प्रगतिरत कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता देते हुए सभी सीएमओ को अक्टूबर तक निर्माणाधीन आवासों का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया। अरुण साव ने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्य समय पर पूरे करने और लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन सहित पेयजल व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के साथ पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्राथमिक स्कूलों में बढ़ेंगी खेल गतिविधियां
खेल और युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। अरुण साव नेप्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा गया। सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन की भी जानकारी ली गई और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। बैठक में सरगुजा जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



