कोरबा//
शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के नगर निगम के अभियान के बीच पावर हाउस रोड पर कचरा फेंकने को लेकर निगम अमले और एक व्यापारी के बीच हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है।
नगर निगम की ओर से राहुल बैग के संचालक के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
निगम ने व्यापारी पर 1000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इधर एफआईआर की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी ने भी निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और उनके साथ पहुंचे कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में इन दिनों शहर में स्वच्छता को लेकर मैदानी स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त स्वयं भी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में पावर हाउस रोड क्षेत्र में कचरा फेंकने को लेकर निगम अमले और राहुल बैग के संचालक के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। निगम की ओर से इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए जुर्माना लगाया गया। इसके बाद मामला बहस और कथित हॉट टॉक तक पहुंचा और अंततः निगम कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज कराया है
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने अथवा कचरा नहीं हटाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जुर्माने का प्रावधान है। यदि जुर्माना नहीं पटाया जाता है तो इसे शासकीय कार्य में अवरोध की स्थिति माना जा सकता है। इसी आधार पर निगम कर्मचारी की रिपोर्ट पर राहुल बैग के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
निगम की ओर से एफआईआर और व्यापारी की ओर से निगम आयुक्त व टीम के खिलाफ शिकायत के बाद मामला अब दोतरफा हो गया है। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद की वास्तविक स्थिति क्या थी और किस स्तर पर शासकीय कार्य में बाधा या अन्य आरोप प्रमाणित होते हैं। फिलहाल कचरे से शुरू हुआ विवाद निगम और व्यापारी के बीच टकराव का मुद्दा बन गया है और पूरे शहर की निगाहें आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।


