राजनांदगांव। गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में शहर और विसर्जन मार्गों पर करीब 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 4 ड्रोन, 10 निगरानी मचान, सीसीटीवी कैमरों के साथ विशेष निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई दल भी सक्रिय रहेंगे।
पुलिस ने शहर को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित कर अधिकारियों और जवानों की जिम्मेदारी तय की है। बाहरी गश्त, मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, स्थिर पुलिस प्वाइंट, त्वरित कार्रवाई दल और अतिरिक्त रिजर्व बल को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
विसर्जन के दौरान चाकूबाजी, आपसी विवाद, झगड़े और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अपराध निरोधक दल सक्रिय रहेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में वर्दीधारी पुलिस के साथ सादे कपड़ों में भी जवान तैनात किए जाएंगे। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले संभावित आपराधिक तत्वों पर भी निगरानी बढ़ाई है। संबंधित थाना क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई और मैदानी आसूचना तंत्र को मजबूत किया गया है। हाल ही में जेल से रिहा हुए व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिछले 10 दिनों से पृथक दल सक्रिय है।
रेलवे स्टेशन, लॉज और ढाबों पर भी निगरानी
बाहर से आने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी दल तैनात किया गया है। इसके अलावा लॉज, होटल और ढाबों में ठहरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए भी जांच दल सक्रिय रहेंगे। शहर के बाहरी क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी की जाएगी।
चेन स्नेचिंग और चोरी रोकने विशेष दल
विसर्जन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर होने वाले चेन स्नेचिंग, मोबाइल व पर्स चोरी तथा जेब कटने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष पुलिस दल तैनात किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों, संकरे मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों और प्रमुख आवाजाही वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी निगरानी रखेंगे।
4 ड्रोन और 10 निगरानी मचान से हवाई निगरानी
शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर निगरानी मचान बनाए गए हैं। वहीं 4 ड्रोन के माध्यम से झांकी मार्ग, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन एवं अन्य निगरानी माध्यमों से प्राप्त सूचनाएं तत्काल संबंधित मैदानी पुलिस दलों तक पहुंचाई जाएंगी।
बाहरी मार्गों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
सुरक्षा व्यवस्था को केवल पुराने शहर तक सीमित नहीं रखा गया है। शहर के बाहरी और परिधीय मार्गों पर भी पुलिस की मौजूदगी रहेगी। बाहरी एवं मोटरसाइकिल गश्ती दल लगातार भ्रमण करेंगे। प्रमुख प्रवेश मार्गों, वैकल्पिक मार्गों और बाहरी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल, क्विक रिस्पांस टीम और अतिरिक्त पुलिस बल को तैयार रखा गया है।
झांकियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था
घने और संकरे पुराने शहर के मार्गों को देखते हुए झांकियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभी झांकियां पहले निर्धारित एकत्रीकरण स्थल पर एकत्रित होंगी। प्रत्येक झांकी के साथ 5 वॉलंटियर रहेंगे, जो झांकी समिति और पुलिस के बीच समन्वय में सहयोग करेंगे।
झांकियों के बीच निर्धारित अंतर बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी एक स्थान पर झांकी रुकने से पूरा मार्ग बाधित न हो। झांकियों के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी और विसर्जन स्थल तक सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
‘वन कॉप–वन पंडाल’ व्यवस्था लागू
प्रत्येक गणेश पंडाल के साथ एक पुलिसकर्मी को जोड़ा गया है। ‘वन कॉप–वन पंडाल’ व्यवस्था के तहत संबंधित पुलिसकर्मी पंडाल समिति से लगातार संपर्क में रहेंगे और झांकी के प्रस्थान, वॉलंटियर, मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में समन्वय करेंगे।
पुराने शहर में प्रवेश से पहले नियंत्रित होगा यातायात
घने और संकरे पुराने शहर को देखते हुए यातायात व्यवस्था को कई स्तरों पर नियंत्रित किया जाएगा। शहर के 5 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस एवं यातायात बल की तैनाती रहेगी। आवश्यकतानुसार वाहनों को पुराने शहर में प्रवेश से पहले ही नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा।
निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मुख्य झांकी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग और वाहनों के खड़े होने पर रोक रहेगी। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा। विसर्जन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों के लिए भी अलग यातायात व्यवस्था की गई है।
डीजे और ध्वनि व्यवस्था को लेकर निर्देश
पुलिस ने गणेश विसर्जन के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। ध्वनि व्यवस्था माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं लागू ध्वनि मानकों के अनुरूप ही संचालित करनी होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे संचालक और संबंधित आयोजकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से विसर्जन के दौरान कीमती आभूषण, बड़ी मात्रा में नकदी और अनावश्यक मूल्यवान सामान साथ नहीं लाने की अपील की है। पुलिस ने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने कहा है।
पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर किसी सूचना को प्रसारित नहीं करने की अपील भी की है। नागरिकों से निर्धारित मार्ग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करने कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति अथवा पुलिस सहायता के लिए राजनांदगांव पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 94791 92199 पर संपर्क किया जा सकता है।



