कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पहाड़गांव में पुलिस ने जुआ खेलते 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बाराद्वार क्षेत्र के निवासी हैं। वे वनभोज मनाने की आड़ में कोरबा जिले में जुआ खेल रहे थे।
जनप्रतिनिधि और शिक्षक की संलिप्तता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार रविंद्र खाण्डे बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन हैं। वह जिला युवा मोर्चा में एक पदाधिकारी भी हैं। आरोपियों में शामिल शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और शिक्षक जैसे जिम्मेदार लोगों के जुआ खेलते पकड़े जाने से क्षेत्र में काफी चर्चा तेज हो गई है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है।
जिले में लगातार मामले
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पसान थाना पुलिस ने भी जुआ खेलते एक सरपंच और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया था। कोरबा जिले में लगातार जनप्रतिनिधि और शिक्षक वर्ग के लोग जुआ खेलते पकड़े जा रहे हैं। इन घटनाओं से समाज में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह स्थिति प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। ऐसे मामलों से कानून व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।





