लोरमी। नगर में गुरुवार को गणेश विसर्जन झांकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। मुंगेली चौक में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न गणेश समितियों की झांकियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने झांकी में शामिल गणेश समितियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
झांकी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेशों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न समितियों ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से बस्तर में नक्सल उन्मूलन और विकास की तस्वीर प्रस्तुत की। वहीं, नशा मुक्ति का संदेश देकर युवाओं और समाज को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर लोरमी नगर में युवाओं को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने के उद्देश्य से गणेश विसर्जन झांकी प्रतियोगिता की परंपरा शुरू की गई है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
झांकियों के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक भावनाओं और सामाजिक बदलाव के संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजन के दौरान पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

गणेश विसर्जन झांकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी मुंगेली चौक और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे। लोगों ने झांकियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। भक्ति, संस्कृति और उल्लास से सराबोर इस आयोजन ने लोरमी में गणेशोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।



