रायपुर। राजधानी रायपुर 23 अगस्त को आस्था, अध्यात्म, संस्कृति और शिवभक्ति के विराट संगम की साक्षी बनेगी। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा सुबह 9 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से प्रारंभ होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां हजारों कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा रायपुर शहर जिला की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में विधायक राजेश मूणत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने यात्रा की व्यवस्थाओं एवं जनसहभागिता को लेकर चर्चा की।
सुबह 8 बजे से पूजन, 9 बजे निकलेगी कांवड़ यात्रा
कांवड़ यात्रा के दिन सुबह 8 बजे मारुति मंगलम, गुढ़ियारी में विधि-विधान से पूजन-अर्चन प्रारंभ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे करीब 10 हजार शिवभक्त कांवड़ लेकर बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से राजधानी का वातावरण शिवमय होगा।
आयोजकों के अनुसार कांवड़िये एक समान परिधान में अनुशासित रूप से यात्रा में शामिल होंगे और बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करेंगे। मारुति मंगलम में दिव्य शिवाभिषेक भी विधि-विधान से किया जाएगा।
500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्थाएं
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन की व्यवस्था के लिए करीब 500 वालंटियर तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा संचालन, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अब अंतिम व्यवस्थाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
देशभर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
इस वर्ष कांवड़ यात्रा को और भव्य स्वरूप दिया गया है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और शिवभक्ति का संगम प्रस्तुत करेंगे।
उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी एवं महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम के साथ विशाल नंदी, केरल का भारत नाट्यम, ट्रेडिशनल बैंड एवं पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम तथा ओडिशा के पारंपरिक दल यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति भी यात्रा में नजर आएगी। अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों द्वारा शिव परिवार की प्रस्तुति, दुर्ग एवं भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम सहित कई दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
धार्मिक झांकियां भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की जीवंत झांकियां शामिल होंगी।
इसके अलावा राम-सीता दरबार, शिव परिवार, 11 घोड़े और दो बग्घियां, लाइव सिंगिंग तथा लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन न होकर देश की विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का चलता-फिरता उत्सव होगी।
आठ वर्षों से जारी है आयोजन
राजेश मूणत के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों से लगातार विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की सहभागिता के चलते इस आयोजन ने राजधानी के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण एवं रायपुर के विधायकगण भी कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे।
‘कांवड़ यात्रा आस्था, संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का विराट उत्सव’
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने जिस आत्मीयता से कांवड़ यात्रा को अपनाया है, उससे यह आयोजन विराट धार्मिक जनउत्सव का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाना भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रयास है कि रायपुर की सड़कों पर शिवभक्ति के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई दे। करीब 10 हजार शिवभक्तों के एक समान परिधान में कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ की ओर बढ़ने से राजधानी का वातावरण शिवमय होगा।
भाजपा के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की रहेगी सहभागिता
कांवड़ यात्रा में भाजपा रायपुर शहर जिला के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की व्यापक सहभागिता रहेगी। संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच यात्रा सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, लौह अयस्क आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, किशोर महानंद, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, पश्चिम संयोजक ओंकार बैस, बजरंग खंडेलवाल, गोवर्धन खंडेलवाल, सत्यम दुवा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशु चंद्रवंशी, प्रदीप सिंह, सीमा साहू, महामंत्री अमित मेश्री एवं गुंजन प्रजापति, नवीन शर्मा, श्रद्धा मिश्रा, युवा मोर्चा के अर्पित सूर्यवंशी, ओबीसी मोर्चा के अखिलेश कश्यप सहित जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
23 अगस्त को गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’
कांवड़ यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 23 अगस्त की सुबह मारुति मंगलम, गुढ़ियारी में पूजन-अर्चन के बाद करीब 10 हजार शिवभक्त कांवड़ लेकर बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे। करीब 500 वालंटियर व्यवस्थाएं संभालेंगे। विशाल जनसैलाब के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से रायपुर की सड़कें शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आएंगी।



