रायपुर। छत्तीसगढ़ में कारखानों, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों में काम करने वाले श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा अब मजबूत होने की संभावना है। 40 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके कर्मचारियों की हर साल मुफ्त स्वास्थ्य जांच कराना नियोक्ता की जिम्मेदारी होगी। नियमित रूप से काम करने वाले ठेका श्रमिकों को हर साल कम से कम दो प्रतिशत वेतन वृद्धि देने का प्रावधान भी किया गया है।
कर्मचारियों की सेहत पर सरकार का जोर
दरअसल, राज्य सरकार ने प्रस्तावित व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा नियम, 2026 में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। नियम 5 के मुताबिक, कारखानों, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों तथा राज्य सरकार की ओर से अधिसूचित किए जाने वाले प्रतिष्ठानों में 40 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके प्रत्येक कर्मचारी की सालाना मेडिकल जांच मुफ्त करानी होगी। जांच योग्य चिकित्सा विशेषज्ञ से निर्धारित फॉर्मेट में कराई जाएगी। मेडिकल प्रमाणपत्र की प्रति नियोक्ता और कर्मचारी, दोनों को दी जाएगी। नियोक्ता यह जांच कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के माध्यम से भी करा सकेगा।
नियमित ठेका श्रमिकों को हर साल कम से कम 2% वेतन वृद्धि
ठेका श्रमिकों के लिए नियम 123 में वेतन वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार, ठेकेदार के यहां नियमित रूप से किसी गतिविधि में नियोजित ऐसा श्रमिक, जिसका रोजगार आपसी सहमति से तय रोजगार शर्तों के तहत संचालित होता है, हर साल अपने वेतन में कम से कम दो प्रतिशत की वृद्धि पाने का हकदार होगा। यह प्रावधान नियमित रूप से नियोजित ठेका श्रमिकों के लिए है। इसे सभी प्रकार के ठेका श्रमिकों पर स्वतः लागू नहीं माना जा सकता।
महिलाओं की नाइट शिफ्ट के लिए लिखित सहमति और सुरक्षा जरूरी
नियम 38 में महिलाओं से रात में काम कराने को लेकर विशेष शर्तें रखी गई वं हैं। सुबह 6 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद काम कराने के लिए महिला कर्मचारी की सहमति निर्धारित फॉर्म-19 में लेना अनिवार्य होगा। नियोक्ता को महिला कर्मचारी के घर तक आने-जाने के लिए परिवहन की सुविधा देनी होगी। इसके अलावा कार्यस्थल पर पर्याप्त रोशनी, आश्रय स्थल, विश्राम कक्ष और रात में बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच की व्यवस्था करनी होगी। महिला कर्मचारियों की शिकायत के लिए शिकायत पेटी रखना और स्थानीय पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम तथा महिला सहायता केंद्र के फोन नंबर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना भी जरूरी होगा।





