रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब आपराधिक मामलों से संबंधित गवाहों की सुरक्षा पुख्ता हो सकेगी। राज्य सरकार ने इस काम के लिए अहम कदम उठाए हैं। सरकार साक्षी संरक्षण ने योजना-2026 लागू की है। इसके तहत गवाह की जान को गंभीर खतरा होने पर सरकार उसकी पहचान बदलने के साथ उसे दूसरे राज्य में भी स्थानांतरित कर सकेगी।
गवाहों को मिलेगी नई पहचान और सुरक्षा
नई पहचान के लिए नया नाम और उससे जुड़े जरूरी सरकारी दस्तावेज जारी करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा गवाह और उसके परिवार की सुरक्षा, सुरक्षित स्थान पर ठहराने तथा जरूरत पड़ने पर आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है। गृह (पुलिस) विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 398 के तहत बनाई गई यह योजना 23 नवंबर को प्रभावी हो गई है। इसका विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ में होगा।
दूसरे राज्य में भी किया जा सकेगा स्थानांतरण
यदि गवाह को उसके मौजूदा स्थान पर सुरक्षित रखना संभव नहीं है तो उसे किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर बसाया जा सकेगा। यह स्थान राज्य के भीतर या दूसरे राज्य में भी हो सकता है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा और स्थानांतरण की व्यवहार्यता संबंधी रिपोर्ट देनी होगी। दूसरे राज्य में स्थानांतरण के लिए राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की पूर्व सहमति और जरूरत पड़ने पर संबंधित राज्य से समन्वय करना होगा।
सोशल मीडिया पर धमकी भी योजना के दायरे में
योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें गवाह को केवल शारीरिक हमले से सुरक्षा देने तक सीमित नहीं रखा गया है। सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से निशाना बनाने, धमकी देने, उत्पीड़न करने और सामाजिक दबाव बनाकर गवाही प्रभावित करने की कोशिशों को भी खतरे की श्रेणी में शामिल किया गया है। गवाह की पहचान सुरक्षित रखने के लिए उसका नाम, पता, फोटो, वीडियो, आवाज का नमूना, डिजिटल पहचान और लोकेशन संबंधी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार फोन नंबर बदलने, घर में बुनियादी सुरक्षा – उपकरण लगाने, नियमित पुलिस गश्त और अदालत आने-जाने के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने जैसे उपाय किए जा सकेंगे।
तीन महीने के लिए मिलेगा सुरक्षा आदेश
योजना के तहत सुरक्षा के आदेश एक बार में अधिकतम तीन महीने के लिए जारी किए जा सकेंगे। इसके बाद सुरक्षा जारी रखने के लिए समीक्षा और राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी। प्रत्येक जिले में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में साक्षी संरक्षण सेल बनाया जाएगा, जो सुरक्षा आदेशों को लागू करने और उनकी निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगा
गंभीर खतरे पर बदल सकेगी पहचान
योजना में गवाहों को खतरे की प्रकृति के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी ए में ऐसे गवाह शामिल होंगे जिनकी जान को विश्वसनीय खतरा है। श्रेणी बी में शारीरिक सुरक्षा, प्रतिष्ठा, स्वतंत्रता या महत्वपूर्ण संपत्ति को खतरा होने वाले मामले आएंगे। वहीं श्रेणी सी में उत्पीड़न, धमकी, सामाजिक दबाव और डिजिटल माध्यमों से निशाना बनाने जैसी स्थितियां शामिल की गई हैं। गवाह की पहचान बदलने का प्रावधान केवल श्रेणी ए और बी के मामलों में असाधारण परिस्थितियों में लागू होगा। इसके लिए यह जरूरी होगा कि सामान्य सुरक्षा उपाय गवाह की सुरक्षा के लिए पर्याप्त न हों। पुलिस अधीक्षक से खतरे की विश्लेषण रिपोर्ट पर हस्ताक्षर और राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की पूर्व सहमति भी लेनी होगी। नई पहचान के तहत गवाह को नया नाम और उससे जुड़े वैध दस्तावेज दिए जा सकेंगे। हालांकि, पहचान बदलने से उसके शिक्षा, नौकरी, पेंशन, विरासत और संपत्ति संबंधी मौजूदा अधिकार प्रभावित नहीं होंगे।
एसपी को अंतरिम सुरक्षा का अधिकार
योजना में गवाह की सुरक्षा के आवेदन पर कार्रवाई के लिए समयसीमा भी तय की गई है। आवेदन मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी पुलिस से खतरे का विश्लेषण कर रिपोर्ट मांगेगा। संबंधित पुलिस अधिकारी को संदर्भ मिलने के पांच कार्यदिवस के भीतर यह रिपोर्ट तैयार कर भेजनी होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी को अगले पांच कार्यदिवस में आवेदन पर निर्णय करना होगा। यदि किसी गवाह की जान या शारीरिक सुरक्षा को गंभीर और तत्काल खतरा है तो पुलिस अधीक्षक अधिकतम सात दिन के लिए अंतरिम सुरक्षा देने का आदेश जारी कर सकेंगे। इस दौरान सक्षम प्राधिकारी आवेदन पर आगे की कार्रवाई करेगा। आवेदन पर आगे की कार्रवाई करेगा। आवेदन पर होने वाली सुनवाई बंद कमरे में होगी और उससे जुड़े रिकॉर्ड गोपनीय रखे जाएंगे।





