बिलासपुर। ऑनलाइन साइट से महज 500 रुपए की ड्रेस मंगाना सिरगिट्टी में रहने वाली नर्सिंग स्टाफ को महंगा पड़ गया। साइबर जालसाजों ने डिलीवरी के नाम पर उसे अलग-अलग बहाने से झांसे में लिया और करीब एक लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी जब ड्रेस नहीं मिली, तब नर्स को ठगी का एहसास हुआ। उसने सिरगिट्टी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाली नर्स ने ऑनलाइन साइट के माध्यम से 500 रुपये की ड्रेस आर्डर की थी। डिलीवरी से पहले आनलाइन पेमेंट भी कर दिया था। इसके बावजूद ड्रेस समय पर नहीं पहुंची। नर्स ने 24 अगस्त को ड्रेस की डिलीवरी के संबंध में दिए गए नंबर पर संपर्क किया।
इस दौरान जालसाजों ने दोबारा 500 रुपये जमा करने के लिए कहा। उनके झांसे में आकर नर्स ने रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद जालसाजों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे लगातार रुपये जमा कराए। कभी आइडी ब्लाक होने की बात कही गई तो कभी फर्जी अकाउंट में रकम चले जाने का हवाला दिया गया।
रकम वापस दिलाने और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर नर्स से अलग-अलग किस्तों में रुपए ट्रांसफर कराए जाते रहे। पुलिस के मुताबिक नर्स ने 22 अगस्त से 31 अगस्त के बीच कई बार अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजी। इस तरह करीब एक लाख रुपये उसके खाते से निकल गए।
रकम ट्रांसफर करने के बाद भी जब ड्रेस की डिलीवरी नहीं हुई और जालसाजों की मांग खत्म नहीं हुई, तब नर्स को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आइटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाने के साथ ही पुलिस रकम के लेन-देन और आरोपितों की पहचान की जांच कर रही है।



