नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर दिल्ली में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को केवल आर्थिक और बुनियादी ढांचे के स्तर पर मजबूत नहीं किया, बल्कि लोगों की सोच और आत्मविश्वास में भी बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं को निराशा से बाहर निकालकर उन्हें नए अवसरों और संभावनाओं से जोड़ा है।
नितिन नवीन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा इस बार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और समाज के अलग-अलग वर्गों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘फ्रैजाइल इकॉनमी’ से मजबूत अर्थव्यवस्था तक का सफर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया में ‘फ्रैजाइल इकॉनमी’ के तौर पर देखा जाता था, लेकिन आज भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने स्टार्टअप, यूनिकॉर्न और ‘खेलो इंडिया’ जैसे क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम नहीं किया, बल्कि देशवासियों की सोच में बदलाव लाने पर भी जोर दिया। उनके नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं और देश विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।
दुनिया के सामने विकास का नया मॉडल रखा
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बाहरी और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर मजबूती हासिल की है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ भी निर्णायक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में विकास को प्राथमिकता दी और वाइब्रेंट गुजरात तथा नर्मदा बांध जैसे प्रयासों के जरिए विकास का एक मॉडल दुनिया के सामने रखा। नितिन नवीन के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन त्याग, जनसमर्पण और विकास के लिए समर्पित रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा अभियान
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती है। इस बार भी जन्मदिन को सेवा दिवस के तौर पर मनाते हुए पूरे एक महीने तक सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक पहुंचने और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद करने का प्रयास किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ में सामने आएंगी बदलाव की कहानियां
अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ नाम से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित ऐसे लोगों को एक मंच दिया जाएगा, जिनके जीवन में इन योजनाओं के कारण सकारात्मक बदलाव आया है।
नितिन नवीन ने कहा कि इन लाभार्थियों की कहानियों को सामने लाकर समाज को यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने किस तरह आम लोगों के जीवन को प्रभावित किया है।
1000 स्थानों पर लिया जाएगा ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने की कोशिश होगी। देशभर में करीब 1000 स्थानों पर विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा।
वडनगर से बनारस तक निकलेगी सेवा यात्रा
युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए वडनगर से बनारस तक सेवा यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए 10 टोलियां बनाई जाएंगी। यात्रा के दौरान चौपाल, युवा क्लब और किसानों के साथ संवाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा 20 रूटों से होकर 10 राज्यों तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य युवाओं, किसानों और स्थानीय समुदायों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान की अपील
अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इसके माध्यम से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच देश के प्रत्येक व्यक्ति से अपनी क्षमता के अनुसार किसी न किसी रूप में श्रमदान और सेवा कार्य करने की अपील की जाएगी।
नितिन नवीन ने कहा कि इस पूरे अभियान का उद्देश्य सेवा को जनभागीदारी से जोड़ना है, ताकि समाज का हर वर्ग राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में अपना योगदान दे सके।



