सक्ती। दिवंगत नेता स्व. युद्धवीर सिंह जूदेव की पुण्यतिथि के अवसर पर ‘सेवा संकल्प’ के तहत आगामी 20 सितंबर 2026, रविवार को डभरा स्थित कृष्णा पैलेस में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ सुबह 11 बजे से होगा।
यह आयोजन संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, प्रदेश कार्यसमिति स्थाई सदस्य, भाजपा छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद मरीजों को उपचार एवं आवश्यक दवाएं प्रदान करना है।
शिविर में सामान्य बीमारियों की जांच के साथ निःशुल्क बीपी, शुगर एवं सिकलिन जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार मरीजों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा शिविर स्थल पर ही नए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
200 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य
शिविर में ‘रक्तदान महादान’ के संकल्प के साथ 200 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की है।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच एवं उपचार करेगी। इसमें अस्थि रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजी एवं पैथोलॉजी विशेषज्ञ तथा एमबीबीएस एवं मेडिसिन विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल रहेंगे।
आयोजकों ने चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र, सक्ती जिले सहित आसपास के समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं और रक्तदान कर मानव सेवा में सहभागी बनें।



