मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर विकास की नई संभावनाओं को जन्म दे सकता है। राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार करने के साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच साझेदारी से केवल निवेश को बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि रोजगार के अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी गति मिलेगी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।



