सक्ती। जिले के डोमाडीह गांव में 48 घंटे से लापता महेशराम केंवट का शव तालाब में तैरता मिला। बताया जा रहा है कि 22 नवंबर की देर रात जुआ रेड के दौरान युवक तालाब में कूद गया था। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की, SDRF की टीम भी लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थी। शव मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश है, उन्होंने प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर की देर रात जुआ रेड के दौरान महेशराम केंवट के तालाब में कूदने की बात सामने आई थी। घटना के बाद युवक का पता नहीं चलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। वहीं, युवक को खोजने के लिए एसडीआरएफ की टीम भी लगातार तालाब में रेस्क्यू अभियान चला रही थी। करीब 48 घंटे बाद तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला।
प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर मारपीट का आरोप
घटना को लेकर ग्रामीणों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर मारपीट का आरोप लगाया है। युवक की मौत के बाद आरोपों को लेकर परिजनों में नाराजगी है। परिजन प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कार्रवाई और मुआवजे की मांग
शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है। परिजनों में आक्रोश का माहौल है। वे प्रशिक्षु थाना प्रभारी पर कार्रवाई के साथ ही मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मामले में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।





