जानकारी के अनुसार, दो नकाबपोश व्यक्ति श्री शिवम ज्वेलर्स पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से कहा कि दुकान के सामने स्थित बजरंगबली मंदिर में दान करने के लिए सोने के आभूषण लेने हैं। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने दुकानदार को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर करीब 4 तोला सोने के आभूषण लेकर दुकान से निकल गए।
कुछ देर बाद जब दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ तो उसने शोर मचाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बड़ी ही चालाकी से दुकानदार को विश्वास में लेकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



