कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा बाईपास स्थित हुकरा क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया। हालांकि, चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
बताया जा रहा है कि 407 वाहन तेज रफ्तार में कटघोरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर के बाद इंजन में आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन को चपेट में ले लिया।
आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर छलांग लगा दी। घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल कटघोरा पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
एक घंटे तक यातायात रहा प्रभावित
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाईपास के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी की आशंका
पुलिस ने चालक से पूछताछ कर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन में संभावित तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जले हुए वाहन को सड़क से हटाने की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा इंतजाम की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कटघोरा बाईपास पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। सड़क किनारे मौजूद पेड़ और जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से बाईपास पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क किनारे पेड़ों पर रेडियमयुक्त निशान लगाने की मांग की है।
बड़ा हादसा टला
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की जानकारी वाहन मालिक को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



