कोरबा। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर (47) पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह कोरबा से अपना काम निपटाकर साइकिल से गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। फरार अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के समझाने और तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि खेरभावना के पास सड़क पर अंधेरा रहता है और स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।



