हैदराबाद। अभिनेता यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान शनिवार को हैदराबाद स्थित मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम के दौरान भारी साउंड-बॉक्स सेटअप अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। हादसे में एक लड़की के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
PTI के मुताबिक, घटना को लेकर पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल और ढांचे पर चढ़ गए थे। इसी दौरान भारी सेटअप अचानक नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के वक्त मंच पर थे यश
हादसे के समय अभिनेता यश मंच पर मौजूद थे और फिल्म के जश्न में शामिल लोगों को संबोधित कर रहे थे। जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने अपनी स्पीच रोक दी और आयोजकों से छात्रों की स्थिति के बारे में जानकारी लेने को कहा।
यश ने मंच से लोगों को सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा, “अरे, संभलकर। क्या वहां सब ठीक हैं? सर, कृपया जांच कीजिए। कृपया छात्रों, आप लोग ध्यान रखें।”
स्टेज के पास जुटी थी बड़ी संख्या में भीड़
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में छात्र स्टेज के पास पहुंच गए थे। कुछ लोग स्पीकर और अन्य उपकरणों को सहारा देने वाले ढांचों पर भी चढ़ गए थे। इसी दौरान साउंड-बॉक्स का भारी सेटअप गिर गया। घटना के बाद सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ और घायल छात्रों को एम्बुलेंस तक ले जाते हुए देखा जा सकता है।
हादसे ने बड़े फिल्मी आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे कार्यक्रमों में दर्शकों को मंच, साउंड सिस्टम और अन्य असुरक्षित ढांचों से दूर रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।
‘पुष्पा 2’ प्रीमियर हादसे की भी आई याद
हैदराबाद में इससे पहले भी एक बड़े फिल्मी कार्यक्रम के दौरान गंभीर हादसा हो चुका है। दिसंबर 2024 में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही को लेकर थिएटर प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की थी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद सवाल उठ रहा है कि बड़े सितारों की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों में भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की जाती।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



