रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका प्रदेश का पहला दौरा होगा। इस दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की भी मौजूदगी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ आने की सहमति दी है। उनके इस दौरे को प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
CM साय के आमंत्रण पर आ रहे नितिन नबीन
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया था। इस पर उन्होंने अपनी सहमति दे दी है। 15 नवंबर को वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पहुंचेंगे और जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच इस दौरे को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में रहेंगी मौजूद
धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में नितिन नबीन के साथ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी शामिल होंगी। कार्यक्रम के जरिए जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।
क्या है जनजातीय गौरव दिवस?
जनजातीय गौरव दिवस हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान को याद करना और जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करना है।
भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया जाता है याद
भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा सहित आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया जाता है।




