Vodafone Idea Rs 35 Plan: टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) ने अपने ग्राहकों के लिए नया प्रीपेड प्लान लॉन्च किया है। इसकी कीमत सिर्फ 35 रुपए रखी गई है। इस रिचार्ज में ग्राहकों को 1GB डेटा के साथ दो रीजनल OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस मिलेगा। खास बात यह है कि ग्राहक अपनी पसंद की भाषाओं के हिसाब से प्लेटफॉर्म चुन सकेंगे।
Vi के 35 रुपए वाले प्लान में क्या-क्या मिलेगा?
Vi का यह नया प्लान एक प्रीपेड ऐड-ऑन पैक है। इसमें ग्राहकों को छह OTT प्लेटफॉर्म में से दो चुनने का विकल्प मिलेगा। इन प्लेटफॉर्म पर नौ भारतीय भाषाओं का कंटेंट उपलब्ध है। इस पैक में 1GB डेटा भी दिया जा रहा है। इसकी वैलिडिटी सात दिनों की रखी गई है। हालांकि, चुने गए OTT प्लेटफॉर्म का एक्सेस 28 दिनों तक मिलेगा।
इन 6 OTT प्लेटफॉर्म में से चुन सकेंगे दो
Vi के ₹35 वाले पैक में SonyLIV South, Chaupal, ManoramaMAX, KLiKK, AddaTimes और Aao NXT शामिल हैं। ग्राहक इनमें से अपनी पसंद के दो प्लेटफॉर्म चुन सकते हैं।
SonyLIV South पर तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ कंटेंट मिलेगा। Chaupal पर पंजाबी, हरियाणवी और भोजपुरी मनोरंजन उपलब्ध है। ManoramaMAX पर मलयालम फिल्में और टीवी शो देखे जा सकेंगे। वहीं, KLiKK और AddaTimes पर बंगाली कंटेंट मिलेगा। Aao NXT पर ओड़िया भाषा का मनोरंजन उपलब्ध है।
कैसे एक्टिवेट करें OTT सब्सक्रिप्शन?
यह ऐड-ऑन पैक उन Vi प्रीपेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, जिनका मौजूदा प्लान एक्टिव है। ग्राहक Vi ऐप या सपोर्टेड थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म से रिचार्ज कर सकते हैं।
रिचार्ज के बाद Vi Movies and TV ऐप खोलना होगा। यहां अपने Vi मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद उपलब्ध विकल्पों में से दो OTT प्लेटफॉर्म चुनकर एक्टिवेट कर सकते हैं।
पिछले महीने भी लॉन्च किए थे वॉइस-ओनली प्लान
Vi ने पिछले महीने चार वॉइस-ओनली प्रीपेड प्लान भी लॉन्च किए थे। ये प्लान ₹179, ₹189, ₹2,023 और ₹206 की कीमत पर पेश किए गए थे। इन प्लान को TRAI के निर्देश के बाद लॉन्च किया गया था।




