कोरबा। भारी बारिश के बाद उफन रहे दादर नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में वाहन चला रहे युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप ने स्थानीय लोगों की चेतावनी के बावजूद तेज बहाव वाले नाले को पार करने का प्रयास किया। नाले के बीच पहुंचते ही स्कॉर्पियो तेज बहाव की चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर बहने लगी। देखते ही देखते वाहन आधा पानी में डूब गया। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने किया था मना
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते दादर नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन दोनों ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए वाहन को बहते पानी में उतार दिया।
बीच नाले में पहुंचते ही बहने लगी स्कॉर्पियो
स्कॉर्पियो जैसे ही नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। पानी के दबाव में गाड़ी बहने लगी और कुछ ही समय में उसका आधा हिस्सा पानी में डूब गया। स्थिति को भांपते हुए आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों युवकों को वाहन से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोग थे सवार
वाहन में युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। अंकित श्रीवास्तव युवा कांग्रेस में छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव पद के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।
अल्कोहल मीटर से जांच में नशे की पुष्टि
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की।
BNS और MV Act की धाराओं में कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि बारिश के दौरान उफनते नाले और नदी को पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने बताया कि अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप ने बहते पानी में स्कॉर्पियो पार करने की कोशिश की थी।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 283 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में MV Act की धारा 185 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नाले, नदी और जलभराव वाले रास्तों को पार करने से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि तेज बहाव में वाहन कुछ ही सेकंड में नियंत्रण से बाहर हो सकता है और ऐसी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।



