बिलासपुर। शहर में हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाज एवं समुदायों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 सितंबर को शहर में शांति मार्च निकाला जाएगा। मार्च अपराह्न 4 बजे नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक में समाप्त होगा। समिति ने सभी समाज एवं समुदायों के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। वर्तमान परिस्थितियों में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे संयम बनाए रखें और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को और मजबूत करने में सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।
त्योहारों को लेकर पुलिस की विशेष अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। इसे बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है और शहर में विभिन्न आयोजन होंगे। ऐसे आयोजनों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन में नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले व्यक्तियों को शामिल न किया जाए।
एसएसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और भाईचारे से ही शहर की शांति को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है।
प्रशासन-पुलिस को सहयोग का भरोसा
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



