नगरी। छत्तीसगढ़ के नगरी ब्लॉक के ग्राम छिपली में दशहरा के दिन 20 अक्टूबर को रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामलीला में हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकारों के वेशभूषा में अचानक आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर तीन लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दशहरा के अवसर पर ग्राम छिपली के स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान दर्शकों को आकर्षित करने के लिए लाई गई मिट्टी तेल इस्तेमाल आग लगाने की तरीका अपनाने के कारण।
नकली बाल और वेशभूषा में आग लगने से तीन लोग झुलसे
आशंका जताई जा रही है कि, मिट्टी तेल से निकली आग कलाकारों द्वारा पहने गए नकली बाल और वेशभूषा तक पहुंच गई, जिससे देखते ही देखते आग लग गई। इस हादसे में तीन लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए।
तीसरे घायल का घर पर चल रहा उपचार
बताया जा रहा है कि, हादसे में झुलसे हेमंत ध्रुव और सोम नाम के युवक की हालत गंभीर है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए धमतरी के अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसका घर पर ही उपचार चल रहा है।
चाइना लाइटर के इस्तेमाल से हादसे की आशंका
गौरतलब है कि, रामलीला मंचन के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे आग निकालने वाले चाइना लाइटर से यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इस घटना के बाद धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में आग और ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



