गुरूर। नगर पंचायत गुरूर का बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार है। बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के अंदर और बाहर गंदगी, बदबू तथा शराब की खाली बोतलें पड़ी रहने से यात्रियों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड परिसर में शराबियों का जमावड़ा भी लगा रहता है, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
प्रतीक्षालय के मुख्य द्वार के सामने ही शराब की खाली बोतल पड़ी हुई दिखाई देती है। वहीं परिसर में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। पानी पीने के स्थान की स्थिति भी खराब है। प्रतीक्षालय के अंदर पानी पीने के लिए मशीन तो लगाई गई है, लेकिन उसमें नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं रहता। इसके कारण यात्रियों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

प्रतीक्षालय में यात्रियों के बैठने के लिए रखी गई कुर्सियां भी टूट चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों को बैठने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थल की इस स्थिति को लेकर यात्रियों और दुकानदारों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से बस स्टैंड परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने, पेयजल मशीन को चालू रखने, क्षतिग्रस्त कुर्सियों की मरम्मत कराने तथा शराबियों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड नगर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, इसलिए यहां स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त होना जरूरी है।



