बलौदाबाजार। जिले के ग्राम टेहका निवासी प्रतिभाशाली युवा योगेश साहू ने गुरुवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच योगेश की शैक्षणिक यात्रा, यूपीएससी की तैयारी और लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में कंटेस्टेंट के रूप में शामिल होने के अनुभवों को लेकर चर्चा हुई।
योगेश साहू ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने यूपीएससी को अपना लक्ष्य बनाया है और वर्तमान में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। मुलाकात के दौरान योगेश ने कलेक्टर को आईआईटी से लेकर केबीसी तक के अपने सफर और इस दौरान सामने आई चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने योगेश से यूपीएससी की तैयारी को लेकर चर्चा करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा को लक्ष्य बनाना अपने आप में बड़ी बात है, लेकिन सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता जरूरी है। उन्होंने प्रीलिम्स के बाद मेन्स परीक्षा की तैयारी के लिए मिलने वाले लगभग 120 दिनों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इस अवधि का प्रभावी ढंग से उपयोग करने की सलाह दी।
कलेक्टर ने योगेश को समय प्रबंधन, अध्ययन की रणनीति, विषयों की प्राथमिकता तय करने और परीक्षा की आवश्यकता के अनुरूप तैयारी करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए संचालित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की जानकारी भी साझा की और बताया कि यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वहां रहने की व्यवस्था उपलब्ध है।
कलेक्टर शर्मा ने योगेश को उनकी आगामी तैयारी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उनके प्रयासों और लक्ष्य की सराहना की। साथ ही उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुलाकात के दौरान योगेश साहू ने कहा कि यूपीएससी में सफलता हासिल करने के बाद वे आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने और उनकी मदद करने का प्रयास करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि अपने सफर में जिन चुनौतियों और परेशानियों का सामना उन्होंने किया है, दूसरे बच्चों को ऐसी परिस्थितियों से न गुजरना पड़े, इसके लिए वे भविष्य में काम करना चाहते हैं।



